दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) इंदौर। इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित नंदबाग इलाके में शुक्रवार सुबह एक महिला सुरक्षा गार्ड की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान गायत्री कुर्मी के रूप में हुई है। उसका शव उसके ही घर में संदिग्ध हालत में मिला। घटना के वक्त वह ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रही थी।
हाथ-पैर बंधे, मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था
पुलिस के अनुसार, गायत्री की हत्या गला घोंटकर की गई। उसके हाथ और पैर बंधे हुए थे, जबकि मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले महिला से संघर्ष हुआ होगा।
ड्यूटी पर नहीं पहुंची तो खुला राज
जब गायत्री समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंची, तो उसके सुपरवाइजर ने उसके घर जाकर देखा। वहां महिला का शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
CCTV में दिखे दो संदिग्ध युवक
घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं। फुटेज में दोनों युवक वारदात से करीब 20–25 मिनट पहले इलाके में घूमते और मृतका के घर की ओर आते-जाते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने आसपास के अन्य कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। फुटेज मृतका के परिजनों को भी दिखाए गए हैं, लेकिन अभी तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी है।
लूट के संकेत नहीं, एक से अधिक आरोपी होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में लूटपाट के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हत्या में एक से अधिक आरोपी शामिल हो सकते हैं। मामले की जांच के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।
प्रेम प्रसंग और संपत्ति विवाद समेत सभी पहलुओं पर जांच
पुलिस के मुताबिक, गायत्री अपने पति सुनील से काफी समय से अलग रह रही थी। वह जिस मकान में रहती थी, वह उसके पिता के नाम पर दर्ज है। पुलिस पति सुनील की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इसके साथ ही प्रेम प्रसंग, संपत्ति विवाद और आपसी रंजिश जैसे सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है। गायत्री के साथ काम करने वाली अन्य महिला सुरक्षा गार्डों से भी पूछताछ की जा रही है।
Tags
madhya pradesh
