MP News: RSS के सह क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख बने हितानंद शर्मा

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े संगठनात्मक ढांचे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। प्रदेश संगठन महामंत्री रहे हितानंद शर्मा को अब मध्य क्षेत्र का सह-बौद्धिक प्रमुख बनाया गया है। उनका केंद्र जबलपुर रहेगा। यह परिवर्तन संगठनात्मक रणनीति के तहत किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, हितानंद शर्मा मूल रूप से अशोकनगर (चंबल क्षेत्र) के निवासी हैं और लंबे समय से विद्या भारती संगठन से जुड़े रहे हैं। संघ पृष्ठभूमि के चलते संगठन में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब यह सवाल भी उठ रहा है कि भाजपा का अगला प्रदेश संगठन महामंत्री कौन होगा, हालांकि पार्टी की ओर से इस पर फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

इस फेरबदल में अन्य प्रचारकों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। सुरेंद्र मिश्रा को पूर्व सैनिक सेवा परिषद की जिम्मेदारी दी गई है, मुकेश त्यागी को ग्राहक पंचायत में भेजा गया है, जबकि ब्रजकिशोर भार्गव को क्षेत्र गो सेवा प्रमुख बनाया गया है।

हितानंद शर्मा इससे पहले प्रदेश सह संगठन महामंत्री और फिर प्रदेश संगठन महामंत्री की भूमिका निभा चुके हैं। वर्ष 2020 में उन्हें प्रदेश सह संगठन महामंत्री बनाया गया था और 2022 में वे सुहास भगत के स्थान पर प्रदेश संगठन महामंत्री बने थे। आरएसएस में उनकी गहरी पकड़ खासकर ग्वालियर-चंबल अंचल में मानी जाती है। संगठन के भीतर उन्हें अनुशासन और कैडर मैनेजमेंट के लिए जाना जाता है।

संघ के तहसील प्रचारक से लेकर जिला प्रचारक और विभाग प्रचारक तक की जिम्मेदारी निभाने के बाद वे भारतीय जनता पार्टी में आए। संगठन महामंत्री रहते हुए बूथ सशक्तिकरण अभियान और माइक्रो लेवल पर चुनावी तैयारी में उन्होंने तकनीकी नवाचारों को अपनाया, जिसे पार्टी में एक नए प्रयोग के रूप में देखा गया। उन्होंने मंडल स्तर तक लगातार प्रवास किया और संगठनात्मक अभियानों की पूरी जानकारी उनके तकनीकी सिस्टम में उपलब्ध रहती थी।

विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत और लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा की विजय के पीछे उनकी पर्दे के पीछे की रणनीति को बड़ा योगदान माना जाता है। भाजपा से पहले उन्होंने लगभग 10 वर्षों तक विद्या भारती का कार्य संभाला था। 

Post a Comment

Previous Post Next Post