दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रायसेन। जिले के सुल्तानगंज में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा देने जा रहीं दो छात्राओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण घायलों को करीब आधे घंटे तक इलाज नहीं मिल सका, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
घटना सुल्तानगंज–बेगमगंज मार्ग पर बस स्टैंड के पास घाट पर हुई। घाना कलां निवासी रामराज सिंह राजपूत अपनी बेटी प्रेमवती और उसकी सहेली शिखा सेन को सुल्तानगंज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 10वीं के गणित विषय की बोर्ड परीक्षा दिलाने बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों करीब 40 फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में नहीं मिला तत्काल उपचार
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अस्पताल में उस समय कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था। घायल करीब आधे घंटे तक दर्द से कराहते रहे। बाद में चिकित्सा अधिकारी के पहुंचने पर उपचार शुरू किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को गंभीर हालत में सागर रेफर कर दिया गया।
चालक फरार, ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने करीब तीन किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डंपर जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल में देरी से इलाज और स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही को लेकर परिजनों व ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
Tags
madhya pradesh
