दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। शहर में फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ के विरोध में यादव समाज के युवाओं ने अन्य समाजों के साथ मिलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के नाम ज्ञापन सौंपते हुए 27 फरवरी को प्रस्तावित फिल्म की रिलीज पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
युवाओं का आरोप है कि फिल्म में नायिका को यादव समाज की लड़की और नायक को मुस्लिम धर्म से संबंधित दिखाया गया है, जिससे समाज की छवि धूमिल होती है। उनका कहना है कि फिल्म का निर्माण यादव समाज को बदनाम करने की नीयत से किया गया है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, इससे न केवल यादव समाज बल्कि हिंदू समाज की भावनाएं भी आहत हुई हैं और सामाजिक माहौल बिगड़ सकता है।
“निर्माता-निर्देशक का समाज से कोई संबंध नहीं”
विरोध कर रहे युवाओं ने कहा कि फिल्म के निर्माता, निर्देशक या अन्य किसी सदस्य का यादव समाज के इतिहास या परंपराओं से कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद समाज को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रोक नहीं लगी तो होगा बड़ा आंदोलन
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि फिल्म की रिलीज पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया, तो यादव समाज के साथ अन्य समाजों के लोग भी एकजुट होकर उग्र आंदोलन करेंगे। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Tags
madhya pradesh
