दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। ग्वालियर जिले के बेहट थाना क्षेत्र के रहवाली इलाके में बंदूक के दम पर एक युवती से डांस कराने का वीडियो सामने आया है। करीब 47 सेकेंड के इस वायरल वीडियो में एक युवक कुर्सी पर बैठा दिखाई दे रहा है और हाथ में .315 बोर की राइफल लेकर हवाई फायर करता नजर आ रहा है। युवक के इशारे पर सामने युवती डांस करती दिख रही है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक फिल्मी अंदाज में राइफल लोड करता है और रुक-रुककर दो बार फायरिंग करता है। फायरिंग के बाद एक नाबालिग बालक मौके पर आकर खाली खोखा उठाकर ले जाता है। यह वीडियो सोमवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस पहुंची मौके पर
सूचना मिलते ही बेहट थाना पुलिस की टीम रात में ही रहवाली क्षेत्र पहुंची और मामले की तस्दीक की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फायरिंग करता दिख रहा युवक हस्तिनापुर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसकी पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी है।
लाइसेंस की भी होगी जांच
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिस राइफल से फायरिंग की गई है उसका लाइसेंस वैध है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। यदि हथियार लाइसेंसी पाया जाता है तो उसे जब्त कर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अवैध हथियार होने की स्थिति में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।
एसडीओपी मनीष यादव ने बताया कि बंदूक के दम पर किसी को धमकाने या जबरन डांस कराने जैसी घटना में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाती है। यदि पीड़ित पक्ष सामने नहीं आता है तो पुलिस स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और घटना की परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर रही है।
Tags
madhya pradesh
