ग्वालियर : डबरा में नवग्रह मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान कलश यात्रा में भगदड़, महिला की मौत, बच्ची समेत 8 घायल

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा में नवग्रह मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान कलश यात्रा से पहले भगदड़ मच गई। हादसे में 70 वर्षीय महिला रति साहू की मौत हो गई, जबकि बच्ची समेत 8 लोग घायल हुए। इनमें से एक की हालत गंभीर होने के कारण ग्वालियर रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक भगदड़ तब मची जब कलश यात्रा से पहले कलश बांटे जा रहे थे और पुलिसकर्मियों ने अचानक स्टेडियम का गेट खोल दिया। इससे भीड़ बेकाबू हो गई और महिलाएं एक-दूसरे पर गिर गईं। मृतक महिला की बहू ने पुलिसकर्मियों की लापरवाही को हादसे की वजह बताया। उन्होंने कहा कि उनकी सास अस्पताल में ऑक्सीजन के अभाव में करीब 30 मिनट तक तड़पती रहीं।

कलश यात्रा दोपहर 1 बजे प्रस्तावित थी, लेकिन भीड़ सुबह से ही स्टेडियम में जुट गई थी। प्रवेश और भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम न होने से भगदड़ बढ़ गई। दावा है कि कलश यात्रा के लिए 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी, लेकिन भगदड़ के वक्त लोगों को 2 पुलिसकर्मी ही बचते दिख रहे हैं।

हादसे के बाद स्टेडियम ग्राउंड में महिलाओं की चप्पलें, टूटी चूड़ियां और बिखरा सामान पड़ा मिला, जो भगदड़ की भयावहता को दर्शा रहा था। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया और डॉक्टर्स की टीम ने इलाज शुरू किया।

कलेक्टर रुचिका चौहान और डीआईजी अमित सांघी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीआईजी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के पीछे कलश जल्दी और पहले पाने की होड़ मुख्य कारण मानी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post