Breaking News: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की पाकिस्तान पर ऐतिहासिक 61 रन से जीत, सुपर-8 में बनाई जगह

दैनिक सांध्य बन्धु नई दिल्ली (एजेंसी)। टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हराकर टूर्नामेंट के इतिहास में रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इस शानदार जीत के साथ ही भारत की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम ने सुपर-8 राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम ने लगातार तीन मैच जीतकर ग्रुप-A की पॉइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल किया है।

कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला।

भारत की गेंदबाजी बेहद प्रभावशाली रही। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पंड्या ने 2-2 विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह से दबाव में रखा।

इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए। भारत की जीत के हीरो ईशान किशन रहे, जिन्होंने 40 गेंदों पर 77 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 32 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है और टीम का आत्मविश्वास सुपर-8 राउंड से पहले काफी बढ़ गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post