दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मध्यप्रदेश के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। महाकालेश्वर मंदिर में अब तक 4 लाख से अधिक भक्त भगवान महाकाल के दर्शन कर चुके हैं। रविवार होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती रही। मंदिर समिति के अनुसार चार पहर की विशेष पूजा के चलते मंदिर के पट 44 घंटे तक लगातार खुले रहेंगे। श्रद्धालुओं को औसतन 40 मिनट में दर्शन कराए जा रहे हैं। तड़के 2:30 बजे विधिवत पूजन के बाद भस्म आरती हुई। पंचामृत अभिषेक, भांग-चंदन अर्पण और राजा स्वरूप में विशेष शृंगार के साथ बाबा महाकाल के दर्शन कर भक्त भावविभोर नजर आए। शहर के होटल, लॉज और होम-स्टे पहले ही फुल हो चुके हैं।
वहीं रायसेन जिले के भोजेश्वर मंदिर में भी सुबह 3:30 बजे से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। शाम 4 बजे तक करीब डेढ़ लाख भक्त दर्शन कर चुके थे। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शाम को मंदिर पहुंचे और भगवान भोजेश्वर की पूजा-अर्चना की। प्रशासन की ओर से छांव, कालीन और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रही।
मंदसौर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में भी हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। यहां सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही और शाम तक संख्या में और इजाफा होने का अनुमान है। पशुपतिनाथ लोक की आकर्षक रोशनी और भव्य सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
प्रदेश के अन्य जिलों—खरगोन, नर्मदापुरम, रतलाम, सतना, दमोह, बैतूल और ग्वालियर—में भी शिव बारात, रुद्राभिषेक, झांकियां और भजन-कीर्तन के आयोजन हुए। कई स्थानों पर भूतों की बारात और शिव विवाह उत्सव की झलक देखने को मिली। मंदिरों में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पूरे प्रदेश में “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।
Tags
madhya pradesh
