दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सागर। रहली कृषि उपज मंडी परिसर स्थित एक गल्ला दुकान से अनाज चोरी करने के मामले में रहली थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मूंग और मक्का की बोरियां तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक जब्त की है।
दुकान बंद कर घर गया था व्यापारी, लौटने पर मिली चोरी की जानकारी
पुलिस के अनुसार, फरियादी अभिषेक जैन (28 वर्ष) निवासी वार्ड 10 रहली, कृषि उपज मंडी परिसर में गल्ला दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने 14 फरवरी को थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 4 फरवरी की शाम करीब 4 बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। जब शाम करीब 7 बजे वापस लौटे, तो देखा कि दुकान में रखी कुछ अनाज की बोरियां नीचे गिरी हुई थीं। जांच करने पर पता चला कि दुकान से 6 बोरी मूंग और 3 बोरी मक्का गायब थीं।
सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से मिले आरोपियों के सुराग
शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में अहम जानकारी मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने राहुल प्रजापति और शुभम अहिरवार, दोनों निवासी वार्ड 14 रहली, को गिरफ्तार कर लिया।
बाइक से अनाज ले जाकर किया था चोरी
थाने में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि दुकान पर कोई नहीं होने का फायदा उठाकर वे बाइक से अनाज की बोरियां लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया अनाज और वारदात में उपयोग की गई बाइक (MP 15 MS 3375) जब्त कर ली है।
कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल
रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Tags
madhya pradesh
