Jabalpur News: एन.एस.ए. में शातिर बदमाश साजन उर्फ अमन सोनकर गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस ने एक और शातिर बदमाश के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए साजन उर्फ अमन सोनकर को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एन.एस.ए.) के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर जिला दण्डाधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने आरोपी के विरुद्ध एन.एस.ए. के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया। 

थाना रांझी थाना पुलिस द्वारा शातिर बदमाश साजन उर्फ अमन सोनकर, जिसके विरुद्ध कुल 17 अपराध पंजीबद्ध हैं, को विधिवत एन.एस.ए. वारंट में गिरफ्तार कर केन्द्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध कराया गया है। रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि साजन उर्फ अमन सोनकर पिता गंगाराम सोनकर उम्र 25 वर्ष निवासी बापूनगर थाना रांझी का अपराधी प्रवृत्ति का युवक है, जो वर्ष 2019 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। 

उसके विरुद्ध हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, अवैध वसूली एवं मारपीट जैसे गंभीर मामलों सहित कुल 17 अपराध दर्ज हैं। आरोपी की गतिविधियों से क्षेत्र में भय एवं आतंक का माहौल बन गया था, जिसके कारण लोग सूचना देने एवं रिपोर्ट दर्ज कराने से डरते थे और स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे थे। समय-समय पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद आरोपी ने अपने आचरण में सुधार नहीं किया और लगातार अपराध करता रहा, जिससे आम नागरिकों के जीवन को खतरा उत्पन्न हो रहा था। 

इन परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 की धारा 3 सहपठित धारा 2 के तहत कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीष कुमार साहू के मार्गदर्शन में एन.एस.ए. का प्रकरण तैयार कर जिला दण्डाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिस पर वारंट जारी कर आरोपी को केन्द्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध करने के आदेश दिए गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post