Jabalpur News: बस स्टॉप पर अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से सनसनी, शिनाख्त में जुटी पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर के पनागर थाना क्षेत्र अंतर्गत बमनोदा बाईपास के पास स्थित एक बस स्टॉप पर करीब 55 वर्षीय अज्ञात वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पनागर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का अनुमान है कि शव करीब 12 से 24 घंटे पुराना हो सकता है।

पनागर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट की जांच कर रही है, ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके। साथ ही शव की पहचान के लिए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों का भी सहारा लिया जा रहा है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मृतक के परिजनों का पता लगाने और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post