Jabalpur News: हॉस्टल से लापता हुए दो छात्र स्कूल की अलमारी में मिले, तीन घंटे छिपे रहे

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
जबलपुर के माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल हॉस्टल से बुधवार रात दो छात्र अचानक लापता हो गए। स्कूल प्रबंधन द्वारा पुलिस को सूचना देने के बाद देर रात सघन तलाशी अभियान चलाया गया। करीब तीन घंटे की खोजबीन के बाद दोनों छात्र स्कूल की कक्षा में रखी अलमारी के अंदर छिपे हुए मिले।

पुलिस के अनुसार, दोनों छात्र हॉस्टल से बाहर नहीं गए थे। स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें छात्र परिसर से बाहर जाते हुए दिखाई नहीं दिए। इसके बाद पुलिस और स्कूल स्टाफ ने हॉस्टल और कक्षाओं में गहन तलाशी ली। अंततः दोनों छात्र कक्षा की अलमारी में छिपे पाए गए।

मिले छात्रों की पहचान सार्थक पटेल और आलोक के रूप में हुई है। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों को सूचना दी गई।

माता-पिता से बात नहीं कराने से नाराज थे छात्र

छात्र सार्थक पटेल ने बताया कि पिछले दो सप्ताह से उसे अपने माता-पिता से फोन पर बात नहीं कराई जा रही थी। बुधवार शाम करीब 7 बजे वह अपने साथी के साथ कक्षा में गया और बाद में अलमारी में छिप गया। छात्र ने यह भी बताया कि रविवार को भी उसे घर पर बात करने का मौका नहीं दिया गया।

अभिभावकों ने स्कूल पर लगाए आरोप

सार्थक के पिता सीताराम पटेल, जो नरसिंहपुर के गोटेगांव के निवासी हैं, ने आरोप लगाया कि स्कूल में हर रविवार बच्चों की अभिभावकों से फोन पर बात कराने का नियम है, लेकिन कई बार कॉल करने के बावजूद बात नहीं कराई जाती।

पुलिस ने शुरू की जांच


माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह घटना प्रताड़ना से जुड़ी है या फिर संवाद की कमी के कारण हुई है। फिलहाल दोनों छात्र सुरक्षित हैं और पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post