MP News: जमानत पर छूटे बदमाशों का शक्ति प्रदर्शन फेल, स्वागत जुलूस की तैयारी, पुलिस ने दोबारा दबोचा; वाहन खराब हुआ तो कोर्ट तक पैदल ले गई पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रायसेन। रायसेन जिले के बेगमगंज में अड़ीबाजी के मामले में जमानत पर रिहा हुए बदमाशों का शक्ति प्रदर्शन पुलिस ने नाकाम कर दिया। उप जेल से बाहर निकलते ही समर्थकों के साथ जुलूस निकालने की तैयारी कर रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने हथियारों के साथ फिर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज किया है।

अड़ीबाजी केस में बंद जुनेद उर्फ जुन्ना पठान, इमरान खान और सैयद अयान अली जैसे ही उप जेल से बाहर आए, समर्थक फूल-मालाओं और गाड़ियों के साथ स्वागत के लिए पहुंच गए। उनका मकसद इलाके में अपनी धाक जमाने के लिए जुलूस निकालना था।

जुलूस शुरू होते ही बेगमगंज पुलिस सक्रिय हो गई। भीड़ को तितर-बितर किया गया और एक बोलेरो सहित तीन युवकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस को तलाशी के दौरान बोलेरो से एक देशी पिस्टल और एक आरोपी की कमर से धारदार चाकू मिला। इसके बाद पुलिस ने तुरंत आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। भीड़ में शामिल दो फरार आरोपी शकील अहमद और लाईक पठान को भी पहचान कर पकड़ लिया गया।

आरोपियों का मेडिकल कराने के लिए पुलिस उन्हें सिविल अस्पताल बेगमगंज लेकर गई। लौटते समय पुलिस वाहन खराब हो गया, जिसके बाद अस्पताल से न्यायालय तक आरोपियों को पैदल ले जाया गया। जिस जुलूस से वे अपनी ताकत दिखाना चाहते थे, वही पुलिस निगरानी में एक तरह का ‘पैदल मार्च’ बन गया। यह घटना पूरे कस्बे में चर्चा का विषय बनी रही।

एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई कर उन्हें पुनः गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। कानून से ऊपर कोई नहीं है। जमानत का मतलब मनमानी की छूट नहीं होता।

Post a Comment

Previous Post Next Post