![]() |
| आरोपी |
दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) ग्वालियर। जिले के आरोन गांव में रुपए के विवाद ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। यहां बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मामले को हत्या में बदलते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोन गांव निवासी किसान बाबूलाल जाटव (65) अपने बेटे रवि जाटव के साथ रहते थे। 15 फरवरी, शिवरात्रि की शाम रवि ने पिता से पहले दिए गए रुपए वापस मांगे। पिता के मना करने पर दोनों में कहासुनी हो गई। कुछ देर बाद रवि शराब के नशे में लौटा और फिर से रुपए मांगने लगा। इनकार करने पर उसने कमरे में रखा डंडा उठाकर पिता के पेट, सिर और सीने पर कई बार वार कर दिए।
डंडे से पिटाई के बाद बाबूलाल जाटव कमरे में ही गिरकर बेहोश हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी।
शुरुआत में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों और संवेदनशील अंगों पर वार से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद बुधवार को हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी रवि जाटव को गांव से ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिता द्वारा रुपए नहीं देने पर उसने गुस्से में आकर डंडे से हमला किया था।
Tags
madhya pradesh
