Jabalpur News: दिन में मजदूरी, रात में बनाता था हथियारों के साथ रील, लाइक-व्यू के चक्कर में युवक गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
जबलपुर में सोशल मीडिया पर लाइक और व्यू पाने की चाह में एक युवक को अवैध हथियारों के साथ रील बनाना भारी पड़ गया। खमरिया थाना पुलिस ने ग्राम उमरिया के लालमाटी क्षेत्र में रहने वाले 21 वर्षीय कमलेश ठाकुर को गिरफ्तार कर उसके पास से एक तलवार और बाइक के गियर से बना धारदार हथियार बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

दिन में मजदूरी, रात में बनाता था रील

पुलिस पूछताछ में कमलेश ने बताया कि वह दिन में मजदूरी करता था और रात में सोशल मीडिया के लिए रील बनाता था। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लाइक, व्यू और कमेंट्स पाने के लिए वह तलवार और अन्य हथियारों के साथ वीडियो और फोटो पोस्ट करता था।

सूचना मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई


रांझी सीएसपी सतीश साहू को सूचना मिली थी कि ग्राम उमरिया का एक युवक सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो अपलोड कर रहा है। इसके बाद खमरिया थाने में पदस्थ एसआई अमन नायक ने टीम के साथ युवक के घर दबिश दी और तलाशी के दौरान एक तलवार और बाइक के गियर से बना हथियार बरामद किया। पुलिस ने मौके से कमलेश को गिरफ्तार कर लिया।

पिता बोले— सेकंड हैंड मोबाइल लेने के बाद लगी लत

आरोपी के पिता संजू गौंड ने बताया कि उनका बेटा मजदूरी करता था और करीब छह महीने पहले उसने एक सेकंड हैंड मोबाइल खरीदा था। इसके बाद दोस्तों के साथ रहकर उसे सोशल मीडिया की लत लग गई और उसने हथियारों के साथ वीडियो बनाकर पोस्ट करना शुरू कर दिया।

गिरफ्तारी के बाद मांगी माफी


गिरफ्तारी के बाद कमलेश ने पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगी और कहा कि उसने लाइक और व्यू के लिए यह वीडियो बनाए थे। उसे अपनी गलती पर पछतावा है और वह भविष्य में इस तरह की कोई हरकत नहीं करेगा। पुलिस ने उसके सोशल मीडिया अकाउंट से सभी आपत्तिजनक वीडियो भी डिलीट करवा दिए हैं।

पुलिस की युवाओं से अपील

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यू के लिए कोई भी ऐसा कंटेंट पोस्ट न करें, जो कानून का उल्लंघन करता हो। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के मामलों में पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post