दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अधारताल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 25 पेटियों में रखी 1250 पाव देशी शराब के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे ने बताया कि देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांधी चौक कटरा क्षेत्र में एक मकान की छत पर भारी मात्रा में अवैध शराब रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो विवेक कोरी के मकान की छत पर नारायण जायसवाल और विवेक कोरी मिले, जबकि गौरव जायसवाल अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। तलाशी लेने पर 25 पेटियों में कुल 1250 पाव देशी शराब बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी नारायण जायसवाल ने बताया कि वह अपने बेटे गौरव जायसवाल के साथ मिलकर शराब बेचने के लिए यह स्टॉक रखे हुए था। वहीं विवेक कोरी ने बताया कि उसने अपने मकान की छत इस काम के लिए उपलब्ध कराई थी और बदले में उसे पैसे मिलने थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सैमसंग और एक वीवो कंपनी का मोबाइल भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी नारायण जायसवाल (62) और विवेक कोरी (22) के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक अजीत पटेल, आरक्षक महेश कहार, अजय दीक्षित, कुलदीप साहू और विपिन यादव की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur

