Jabalpur News: कार से 4 देशी पिस्टल और कारतूस बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाटन पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 देशी पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस, 3 मोबाइल फोन और एक कार जब्त की गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर अवैध हथियार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि एक काले रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में दो व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध हथियार लेकर दमोह से जबलपुर की ओर आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर और क्राइम सीएसपी उदयभान बागरी के नेतृत्व में टीम गठित कर भड़या पीपल, तेंदूखेड़ा रोड पर घेराबंदी की गई।

तलाशी में मिले हथियार


नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 32 बोर की 4 देशी पिस्टल और 8 जिंदा कारतूस बरामद हुए। साथ ही 3 मोबाइल फोन और वाहन भी जब्त किया गया।

आरोपी दमोह निवासी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मयंक राजपूत (28) निवासी दमोह नाका और राहुल उर्फ सूरज सिंह लोधी (27) निवासी के.एन. कॉलेज के पास, कोतवाली थाना क्षेत्र, दमोह के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पाटन निरीक्षक गोपेंद्र सिंह राजपूत सहित उपनिरीक्षक जितेंद्र दुबे, आकाशदीप साहू, स्वदेश गुप्ता, आरक्षक राकेश पाठक, अनुराग, धनंजय मिश्रा तथा क्राइम ब्रांच के नरेश पासी, राजेश पांडेय, रुस्तम अली, अखिलेश पांडेय और गोविंद राय की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post