दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना सिहोरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब परिवहन कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपए की शराब, नगदी और कार जब्त की है।
थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को के अनुसार देर रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पौड़ा की ओर से एक सफेद रंग की कार (एमपी 21 जेड जी 7413) में अवैध शराब लोड कर दो व्यक्ति कटनी की ओर जाने वाले हैं। सूचना पर एनएच-30 स्थित खुड़ावल मोड़ के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका।
कार की तलाशी लेने पर उसमें 24 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह शराब ग्राम पौड़ा की दुकान से खरीदकर अवैध रूप से कटनी ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपी अभय सिंह उर्फ विवेक ठाकुर (31) और ऐजाज अहमद (26), निवासी भट्टा मोहल्ला थाना रंगनाथ जिला कटनी को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 2 लाख 14 हजार 200 रुपये की शराब, 54 हजार 500 रुपये नगद और लगभग 12 लाख रुपये कीमत की कार जब्त की है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
