दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में रिश्तों के नाम पर धोखे और शोषण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी पहचान छिपाकर युवती को प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर करीब एक साल तक उसका शारीरिक और मानसिक शोषण करता रहा। मामले में पुलिस ने आरोपी अब्दुल फराज खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दोस्ती, प्यार और फिर धोखे का खेल
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने खुद को ‘राहुल’ बताकर उससे दोस्ती की। धीरे-धीरे उसने शादी का वादा कर भरोसा जीता और इसी बहाने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। आरोप है कि यह सिलसिला करीब एक साल तक चलता रहा।
सच्चाई सामने आते ही टूटा भरोसा
मामले ने उस वक्त नया मोड़ लिया जब युवती को पता चला कि ‘राहुल’ असल में अब्दुल फराज खान है, जो पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता भी है। यह सच सामने आने के बाद युवती ने उससे दूरी बना ली।
वीडियो वायरल की धमकी देकर ब्लैकमेल
युवती के दूरी बनाने पर आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। उसने अंतरंग पलों के वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को ब्लैकमेल किया और जान से मारने की धमकी भी दी। लगातार दबाव और मानसिक प्रताड़ना से पीड़िता इस कदर टूट गई कि उसने आत्महत्या तक का विचार कर लिया।
नशीली वस्तु खिलाकर करता था ज्यादती
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी कई बार उसे नशीली वस्तु खिलाकर उसके साथ गलत काम करता था। विरोध करने पर वह जान से मारने की धमकी देता और वीडियो बनाकर दबाव बनाता था।
वकीलों की सलाह के बाद पहुंची पुलिस तक
घटना से टूट चुकी पीड़िता को कुछ वकीलों का सहारा मिला, जिन्होंने उसे कानूनी कार्रवाई के लिए प्रेरित किया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
ओमती पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही जबलपुर के ओमती थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पुराना बस स्टैंड निवासी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
कड़ी कार्रवाई की मांग, ‘लव जिहाद’ का आरोप
मामले में कुछ वकीलों ने इसे ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
