Jabalpur News: सट्टा लिखते सटोरिया और जुआ खेलते 5 लोग गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच और बेलबाग थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक सटोरिये को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया, वहीं जुआ खेल रहे पांच लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से नगदी और सट्टा सामग्री जब्त की है। 

सट्टा पट्टी लिखते पकड़ा गया आरोपी

बेलबाग थाना प्रभारी जितेंद्र पाटकर ने बताया कि क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि भानतलैया स्थित बप्पा स्टील के पीछे एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा लिख रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिलीप चौधरी (58 वर्ष), निवासी भानतलैया सिंधी कैंप के पास हनुमानताल बताया। उसने बताया कि वह शेखर सोनकर के कहने पर सट्टा लिखता है और इसके बदले उसे 300 रुपये प्रतिदिन मिलते हैं। पुलिस ने उसके पास से सट्टा अंक लिखी स्लिप बुक और 5 हजार रुपये नकद जब्त किए। 

जुआ खेलते 5 जुआरी पकड़े

इसी दौरान पुलिस ने भानतलैया खटीक मोहल्ला पहाड़ी में छापा मारकर ताश के पत्तों पर रुपये की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में राहुल सोनकर, शिवम सिंह ठाकुर, अभिषेक सोनकर, संजय चौधरी और अज्जू चौधरी शामिल हैं। जुआरियों के पास से 52 ताश के पत्ते और 1,300 रुपये नकद जब्त किए गए। 

पुलिस ने सटोरिये के खिलाफ सट्टा अधिनियम की धारा 4(क) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 49 के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि जुआ खेल रहे आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत कार्रवाई की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post