MP News: गर्लफ्रेंड को भगाने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, शव नाले में फेंका

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) शिवपुरी। जिले में गर्लफ्रेंड को भगाने पहुंचे 26 वर्षीय युवक की कथित तौर पर युवती के परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना रन्नौद थाना क्षेत्र के नेगमा गांव की है। सोमवार सुबह युवक का शव गांव के पास नाले में मिला। पुलिस ने युवती के पिता, दादा समेत 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

मृतक की पहचान नेगमा गांव निवासी अर्जुन पाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अर्जुन का कोलारस की 20 वर्षीय युवती से प्रेम संबंध था। सोमवार को युवती की सगाई तय थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद दोनों ने भागकर शादी करने की योजना बनाई थी।

रविवार देर शाम अर्जुन अपने रिश्तेदार कल्ला पाल के साथ कोलारस पहुंचा। रात करीब 1 बजे दोनों युवती के घर के पास पहुंचे, लेकिन पहले से सतर्क परिजनों ने उन्हें पकड़ लिया। कल्ला मौके से भाग निकला, जबकि अर्जुन को युवती के परिजन अपने घर ले गए।

आरोप है कि अर्जुन को रातभर घर में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को घर से करीब 100 मीटर दूर नाले में फेंक दिया गया। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने नाले में शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी।

बताया जा रहा है कि युवती का दादा खुद थाने पहुंचा और मारपीट की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।

जानकारी के मुताबिक, अर्जुन और युवती की मुलाकात करीब 4 से 6 महीने पहले एक कृषि फार्म पर हुई थी, जहां दोनों मजदूरी करते थे। वहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और प्रेम संबंध बढ़ता गया।

करीब डेढ़ महीने पहले युवती को फोन पर बात करते हुए परिजनों ने पकड़ लिया था। अलग-अलग समाज से होने के कारण परिवार ने दोनों के रिश्ते का विरोध किया। अर्जुन को धमकियां भी दी जा रही थीं, जिसके चलते वह कोलारस छोड़कर ट्रक पर काम करने चला गया था, हालांकि दोनों के बीच संपर्क बना रहा।

कल्ला पाल की शिकायत पर पुलिस ने युवती के पिता, दादा और तीन अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर के अनुसार, आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post