MP News: ड्यूटी के दौरान होमगार्ड जवान की मौत, थाने में अचानक गिरे बेहोश

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) उज्जैन। उज्जैन में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड सैनिक हरीलाल मालवीय (56) की सोमवार दोपहर मौत हो गई। वे चिमनगंज मंडी थाने में वारंट तामील की ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे थाने में बेहोश होकर गिर पड़े।

साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें गिरता देखा तो तुरंत सीपीआर देकर जान बचाने की कोशिश की। कुछ देर के लिए उन्हें हल्का होश आया, जिसके बाद एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत श्वसन तंत्र फेल होने के कारण हुई है। हालांकि उनकी तबीयत कब से खराब थी, इसे लेकर अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

होमगार्ड कमांडेंट संतोष जाट ने बताया कि हरीलाल मालवीय उज्जैन के पिपली नाका स्थित महावीर नगर के निवासी थे। वे लंबे समय से चिमनगंज मंडी थाने में वारंट तामील का काम कर रहे थे। बाबा महाकाल की सवारी में भी वे हर साल सेवा देते थे।

परिवार में उनका एक बेटा और एक बेटी है। बेटा महाकाल मंदिर में फूलों की दुकान लगाता है। प्रशासन की ओर से उसे अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी। वहीं, उनकी बेटी मेधावी छात्रा है। उसे 6 दिसंबर को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा होमगार्ड स्थापना दिवस पर 40 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post