रीवा में महिला की बेरहमी से हत्या: सिर काटकर खेत में फेंका, घर के पीछे मिला धड़; 2 घंटे की सर्चिंग के बाद गेहूं के खेत से बरामद हुआ सिर

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रीवा। रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र के लोही गांव में सोमवार को एक 60 वर्षीय महिला की सिर काटकर हत्या कर दी गई। महिला का धड़ घर के पीछे क्षत-विक्षत हालत में मिला, जबकि सिर धड़ से अलग था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतका की पहचान लीलावती पटेल के रूप में हुई है। वह घर में अकेली रहती थीं। गांव के लोगों ने घटना की जानकारी उनकी बेटी को दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

बेटी ने कहा- मां का सिर काटकर ले गए आरोपी

मृतका की बेटी नीता पटेल ने बताया कि उनकी मां की बेहद बेरहमी से हत्या की गई है। शरीर पर कई गंभीर घाव मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्यारों ने क्रूरता की हद पार करते हुए सिर काटकर अपने साथ ले गए। परिवार के अनुसार महिला की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

दोनों हाथ टूटे मिले, शरीर पर थे कई चोट के निशान

मृतका के देवर रामकिशोर पटेल ने बताया कि महिला पिछले 12 वर्षों से गांव में रह रही थीं और घर का काम करके गुजर-बसर करती थीं। सोमवार दोपहर उन्हें फोन पर हत्या की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि शव घर के बाहर औंधे मुंह पड़ा था, सिर गायब था और दोनों हाथ टूटे हुए थे। शरीर पर कई चोटों के निशान भी मिले।

गेहूं के खेत में मिला कटा सिर

पुलिस ने घटना के बाद आसपास करीब दो किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद महिला का कटा हुआ सिर घर से लगभग 50 मीटर दूर गेहूं के खेत में मिला।

राजीव पाठक ने बताया कि आरोपी सिर को खेत में फेंककर फरार हो गए थे। हत्या में कितने लोग शामिल थे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

गांव में दहशत, आरोपियों की तलाश जारी

घटना के बाद लोही गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों ने मांग की है कि हत्या करने वालों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post