Jabalpur News: रिंग रोड निर्माण के दौरान हादसा, रोलर से कुचलकर मजदूर की मौत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम अमझर में सोमवार को रिंग रोड निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क निर्माण में लगे रोड रोलर की चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान बिहार के पूर्णिया निवासी सुभाष ऋषि के रूप में हुई है। वह वीआरएस ठेका कंपनी के तहत चल रहे रिंग रोड निर्माण कार्य में सड़क पर पत्थर जमाने का काम कर रहा था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुभाष के कान में ईयरफोन लगे हुए थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे रोड रोलर की आवाज उसे सुनाई नहीं दी और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही खमरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post