Jabalpur News: होली खेलने के बाद तालाब में नहाने गया नाबालिग डूबा, SDERF टीम ने निकाला शव

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिहोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोंडा गांव में होली खेलने के बाद तालाब में नहाने गए एक नाबालिग की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान वेद राय के रूप में हुई है। वह दोस्तों के साथ तालाब में नहा रहा था, इसी दौरान गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

देर शाम तक दोस्तों के साथ खेली थी होली

जानकारी के अनुसार घटना बुधवार शाम की है। होली खेलने के बाद वेद राय अपने साथियों के साथ गांव के तालाब में नहाने पहुंचा था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।

पुलिस और SDERF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर सिहोरा थाना पुलिस और SDERF की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया। देर शाम तक तलाश के बावजूद वेद का पता नहीं चल सका।

गुरुवार सुबह मिला शव

गुरुवार सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कुछ देर बाद तालाब से वेद का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post