Jabalpur News: श्रीराम कॉलेज रोड पर दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने युवक को मारा चाकू

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना माढ़ोताल क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नही देने पर तीन युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर, गर्दन और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़ित आकाश दाहिया (28) निवासी ग्राम इमलई, थाना पनागर, वर्तमान पता आईटीआई माढ़ोताल ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह मेहफिल बार में कुकिंग का काम करता है। दोपहर करीब 2 बजे वह अपने साले अनुराग झारिया के साथ मोटरसाइकिल से नक्षत्र नगर माढ़ोताल से अपने कमरे की ओर जा रहा था। जैसे ही वह श्रीराम कॉलेज रोड पर पहुंचा, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आए और शराब पीने के लिए उससे पैसों की मांग करने लगे।

आकाश ने जब रुपये देने से मना किया तो तीनों युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर, गर्दन और कंधे में चोट आई। इसके बाद तीनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर धारा 296बी, 115(2), 119(1), 351(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post