Jabalpur News: होली खेलने के बाद डेम में नहाने गया युवक डूबा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। होली खेलने के बाद नहाने गए एक युवक की बरगी डेम में डूबने से मौत हो गई। यह घटना बुधवार दोपहर करीब 1 बजे की है। युवक अपने दोस्तों के साथ जीरो पॉइंट पहुंचा था, जहां नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और संतुलन बिगड़ने से डूब गया।

नहाते समय गहरे पानी में गया, दोस्त नहीं बचा सके

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैन मंदिर के पीछे रहने वाला शैलेश नेमा (25) दोस्तों के साथ होली खेलने के बाद डेम पहुंचा था। नहाते समय वह धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर बढ़ गया। फिसलन भरे पत्थरों और पानी की अधिक गहराई के कारण उसके साथी उसे बचा नहीं सके।

गुरुवार को भी युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान जारी रखा गया है।

मौके पर पुलिस और भीड़, एसडीआरएफ टीम बुलाई गई

घटना की सूचना मिलते ही जीरो पॉइंट पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। बरगी नगर पुलिस चौकी प्रभारी सरिता पटेल मौके पर पहुंचीं। इसके बाद मुख्यालय से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।

टीम ने देर शाम तक तलाश की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।

परिजनों का हंगामा, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना से आक्रोशित परिजनों ने घाट पर नारेबाजी की और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। बाद में वे पुलिस चौकी पहुंचे और धरने पर बैठ गए।

मौके पर सीएसपी अंजुल मिश्रा और थाना प्रभारी नीलेश दोहरे पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

स्थानीय लोगों की मांग – चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग हो

स्थानीय लोगों का कहना है कि जीरो पॉइंट पर अक्सर युवाओं की भीड़ रहती है, लेकिन वहां न तो चेतावनी बोर्ड लगे हैं और न ही बैरिकेडिंग की गई है।

उनका कहना है कि हर साल यहां हादसे होते हैं, फिर भी स्थायी गोताखोर और सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post