दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) रीवा। चैत्र नवरात्र की कलश यात्रा के दौरान हुई फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। आरोपी कथित साधु माधवेंद्र भदौरिया ने पुलिस दबाव के चलते सरेंडर कर दिया है। गुरुवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना 19 मार्च की है, जब समान थाना क्षेत्र के गुलाब नगर में कलश यात्रा निकाली जा रही थी। इस दौरान भगवा वस्त्र पहने कथित साधु अपने साथ 6 गनमैन के साथ मौजूद था। यात्रा के बीच एक गनमैन ने उसे बंदूक लोड कर के दी, जिसके बाद उसने हवा में कई राउंड फायरिंग कर दी।
फायरिंग के दौरान एक गोली वीडियो शूट कर रहे पवन सेन के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना का वीडियो भी सामने आया, जिसमें आरोपी और उसके साथी साफ नजर आए।
घटना के बाद पुलिस ने कैमरा और मेमोरी कार्ड जब्त कर लिया था, लेकिन शुरुआती कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हुए क्योंकि पहचान स्पष्ट होने के बावजूद एफआईआर अज्ञात के खिलाफ दर्ज की गई थी।
आरोपी की कई प्रभावशाली लोगों के साथ तस्वीरें सामने आने के बाद मामला और गरमा गया।
फिलहाल आरोपी ने घटना में प्रयुक्त रिवाल्वर भी पुलिस को सौंप दी है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इस पूरे घटनाक्रम ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags
madhya pradesh
