दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिले के बिछिया थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.211 किलोग्राम गांजा और एक कार जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की महिंद्रा XUV300 कार में सवार कुछ लोग गांजा लेकर घुटास से बिछिया की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने कोको रोड स्थित पडरिया तिराहा और एनएच-30 पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान ग्राम गुडली के पास संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में सवार चार लोगों के पास से 7.211 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 72 हजार रुपए बताई जा रही है। इसके साथ ही करीब 6 लाख रुपए की कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में इटावा निवासी उमेश सिंह (30), डिंडोरी निवासी अमित उर्फ राजा (18) तथा कानपुर देहात निवासी कुलदीप (18) और देवेंद्र (33) शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी रंजीत सिंह सैयाम के अनुसार आरोपी डिंडोरी-अनूपपुर क्षेत्र से गांजा लाकर मंडला जिले में अलग-अलग स्थानों पर छोटे-छोटे हिस्सों में बेचने की योजना बना रहे थे।
Tags
madhya pradesh
