दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा जिले में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सिमरिया के पास एक बस और पिकअप वाहन की जोरदार टक्कर के बाद बस पलट गई, जिसमें 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं, वहीं एक महिला और एक बच्चे का हाथ कटकर अलग हो गया।
बताया जा रहा है कि बस डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम से लौट रही थी, जिसमें कुल 47 यात्री सवार थे। हादसा उमरानाला इलाके में शाम करीब 6:30 बजे हुआ, जब ओवरटेक के दौरान बस की पिकअप वाहन से टक्कर हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया। 6 एम्बुलेंसों के जरिए घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। एक गंभीर घायल को नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जिला अस्पताल के डीन के मुताबिक मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। वहीं 5 से ज्यादा घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। अस्पताल में परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी है और हर कोई अपने अपनों की तलाश में भटकता नजर आ रहा है।
हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए और गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि जिस बस में हादसा हुआ, उसका फिटनेस सर्टिफिकेट करीब साढ़े तीन साल पहले ही खत्म हो चुका था और बीमा भी 2022 से नवीनीकृत नहीं था। ऐसे में इस लापरवाही ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। विपक्ष ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया है, जबकि सत्तापक्ष ने जांच के बाद ही जिम्मेदारी तय करने की बात कही है।
Tags
madhya pradesh
