दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र स्थित अर्णव विहार कॉलोनी में पुलिसकर्मी के बेटे के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, चोरी में इस्तेमाल वाहन और औजार भी बरामद किए गए हैं, जबकि एक अन्य साथी अभी फरार है।
पुलिस के मुताबिक 20 मार्च को राहुल मिश्रा अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। 22 मार्च की सुबह घर में चोरी की जानकारी मिली, जहां मुख्य दरवाजे का लॉक टूटा हुआ था और अलमारी से सोने-चांदी के जेवर सहित लाखों का सामान गायब था। मामले में थाना तिलवारा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों—सूरज उर्फ दाऊ गौंड (19), विजय उर्फ नाटी (22) और लखनलाल उर्फ साहिल पटेल (18) को पकड़कर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नगदी रकम, चोरी में इस्तेमाल सुजुकी एक्सेस वाहन और वारदात में उपयोग किए गए औजार जब्त किए हैं। आरोपियों ने शहर के अन्य थाना क्षेत्रों—संजीवनी नगर, पाटन, भेड़ाघाट, लार्डगंज और विजय नगर में भी सूने मकानों को निशाना बनाने की बात कबूली है।
गौरतलब है कि यह चोरी एक प्रधान आरक्षक के बेटे के घर हुई थी, जहां बदमाशों ने देर रात करीब 30-45 मिनट तक घर में रहकर अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया। चोरी गए सामान की कीमत 70 से 80 लाख रुपए तक बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ लिया है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है।
Tags
jabalpur


