MP News: लोकसभा में भिंड सांसद संध्या राय बोलीं - सिंध नदी में हो रहा अवैध खनन, केंद्रीय मंत्री का जवाब - ऐसी गतिविधियां रोकने के लिए प्रदेश के पास सारे कानून मौजूद

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली/भोपाल। मध्य प्रदेश में नदियों से हो रहे अवैध रेत खनन का मुद्दा अब संसद तक पहुंच गया है। भिंड से सांसद संध्या राय ने सोमवार को लोकसभा में सिंध नदी में अवैध खनन का मामला उठाते हुए सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।

सिंध नदी में अवैध खनन पर चिंता

सांसद संध्या राय ने प्रश्नकाल के दौरान बताया कि भिंड और दतिया जिले सिंध नदी से जुड़े हैं और नदी के किनारे का बड़ा हिस्सा वन विभाग के अधीन आता है। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व वन क्षेत्र का उपयोग कर अवैध रेत खनन कर रहे हैं, जिससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो रहा है। उन्होंने सरकार से इस पर ठोस और प्रभावी कदम उठाने की अपील की।

वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने जवाब देते हुए माना कि संबंधित क्षेत्रों में जंगलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है, लेकिन ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए राज्य सरकार के पास पर्याप्त कानूनी प्रावधान मौजूद हैं, जिनके तहत कार्रवाई की जा सकती है।

बुंदेलखंड में NIT की मांग

खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने लोकसभा में बुंदेलखंड क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार का मुद्दा उठाया।
उन्होंने केंद्र सरकार से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) जैसे संस्थान की स्थापना की योजना के बारे में जानकारी मांगी, ताकि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर तकनीकी शिक्षा मिल सके।

सतना सांसद गणेश सिंह ने समग्र शिक्षा योजना के तहत स्कूलों के बजट और बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या केंद्र और राज्य मिलकर इस दिशा में कोई ठोस समीक्षा करेंगे।

शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि बजट आवंटन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं और आंकड़ों के आधार पर तय होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े प्रस्ताव ‘यूडाइस प्लस’ डेटा के आधार पर केंद्र के प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड में समीक्षा के बाद स्वीकृत किए जाते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post