दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) मंडला। जिला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लंबित मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए।
नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस नीति
एसपी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नशे के कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जाए। NDPS एक्ट के तहत चल रहे मामलों में प्रभावी विवेचना और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
महिला-बाल अपराधों में संवेदनशीलता जरूरी
बैठक में महिला एवं बाल अपराधों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने और आमजन को सतर्क करने पर जोर दिया गया।
कानूनी अपडेट से अधिकारियों को किया अवगत
उच्च न्यायालय के नवीनतम फैसलों और कानूनी बारीकियों की जानकारी मैदानी अधिकारियों को दी गई, ताकि विवेचना में किसी प्रकार की त्रुटि न हो और मामलों का मजबूत प्रस्तुतिकरण हो सके।
‘राहवीर’ योजना और कैशलेस इलाज का होगा प्रचार
यातायात सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए ‘राहवीर’ योजना, प्रधानमंत्री राहत योजना और कैशलेस इलाज सुविधा के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। उद्देश्य है कि हादसों के समय आम नागरिकों को तत्काल सहायता मिल सके।
डायल 112 और CCTNS पर फोकस
एसपी ने डायल 112 सेवा को और अधिक सक्रिय बनाने तथा CCTNS नेटवर्क पर समयबद्ध डेटा एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
CCTV और गश्त बढ़ाने के निर्देश
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सार्वजनिक स्थानों और सरकारी गोदामों में CCTV कैमरे लगाने, नियमित गश्त बढ़ाने और निगरानी बदमाशों की सख्ती से चेकिंग के निर्देश दिए गए।
बैठक में मंडला, निवास, बिछिया और नैनपुर के एसडीओपी, डीएसपी (LR) सहित जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।
Tags
madhya pradesh
