Jabalpur News: राजुल ग्रुप पर ईडी की बड़ी कार्रवाई, पुर्तगाल में निवेश और विदेशी लेनदेन की जांच तेज

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मेसर्स राजुल ग्रुप और उसके पार्टनर प्रियांक मेहता के ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम 1999 के तहत की गई है, जिसमें विदेशों में संपत्ति खरीद के लिए धन के संदिग्ध उपयोग की जांच की जा रही है।

घर और दफ्तर समेत तीन ठिकानों पर छापे

ईडी की टीम ने प्रियांक मेहता से जुड़े आवासीय और व्यावसायिक परिसरों सहित तीन स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान जांच अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए, जो संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की पुष्टि कर रहे हैं।

लाखों की नकदी बरामद

छापेमारी के दौरान करीब 31 लाख रुपए की बेहिसाब नकदी बरामद की गई। नकदी के स्रोत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ईडी ने इसे जब्त कर लिया है।

विदेशों में करोड़ों का निवेश उजागर

जांच में सामने आया कि बड़ी राशि को पहले उदार प्रेषण योजना के जरिए अमेरिका भेजा गया और वहां से पुर्तगाल स्थानांतरित किया गया। करीब 5 लाख 48 हजार अमेरिकी डॉलर और 4 लाख 20 हजार 998 यूरो (लगभग 3.65 करोड़ रुपए) की रकम विदेश भेजे जाने के साक्ष्य मिले हैं।

लिस्बन में खरीदी महंगी संपत्ति

इस धनराशि का उपयोग पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में फ्लैट खरीदने और अन्य खर्चों में किया गया।
जांच में यह भी पता चला है कि वहां के बैंक खाते में अभी भी करीब 2.1 करोड़ रुपए शेष हैं।
बताया गया कि संपत्ति खरीदने के लिए करीब 5 लाख 10 हजार यूरो का भुगतान किया गया था और उससे किराए के रूप में आय भी अर्जित की जा रही है।

मनी ट्रेल की गहन जांच जारी

ईडी अब इस पूरे मामले में धन के स्रोत, लेनदेन की प्रक्रिया और इसमें शामिल अन्य लोगों व संस्थानों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है। यह कार्रवाई आयकर विभाग से मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर की गई है, जिसमें पहले भी विदेशी संपत्तियों के प्रमाण मिले थे।

नियमों के उल्लंघन की जांच

नियमों के अनुसार किसी भी भारतीय नागरिक को अपनी विदेशी संपत्ति और उससे होने वाली आय का विवरण आयकर रिटर्न में देना अनिवार्य है। ईडी यह जांच कर रही है कि इस मामले में इन नियमों का पालन किया गया या नहीं।

कार्रवाई से मचा हड़कंप

इस बड़ी कार्रवाई के बाद जबलपुर में कारोबारी जगत में हलचल मच गई है। जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post