दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के ग्वारीघाट थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। रुपए के लेन-देन के विवाद में एक 17 वर्षीय नाबालिग के साथ उसके ही तीन साथियों ने बर्बरता की हदें पार कर दीं। आरोपियों ने न केवल उसकी बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उसे निर्वस्त्र कर अपमानित किया और पूरी घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
मारपीट के बाद कराया अपमानजनक कृत्य
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने पहले नाबालिग को ग्वारीघाट बुलाया और वहां लात-घूंसों से जमकर पीटा। इसके बाद उसके कपड़े उतरवाए गए, शरीर पर मिट्टी डाली गई और उसे खुद की चप्पल से अपने चेहरे पर मारने के लिए मजबूर किया गया। इतना ही नहीं, उसे नदी में उतरकर नहाने के लिए भी कहा गया। वीडियो में आरोपी कहते सुनाई दे रहे हैं— "मार अपने आपको, मजा नहीं आ रहा है...", जो उनकी क्रूर मानसिकता को उजागर करता है।
वीडियो वायरल होने के बाद खुला मामला
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पीड़ित अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।
तीनों आरोपी हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने मंगलवार को तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आपस में परिचित हैं और पहले भी चोरी व मारपीट के मामलों में शामिल रहे हैं।
चोरी के पैसों के बंटवारे पर हुआ विवाद
थाना प्रभारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले इन युवकों ने मिलकर चोरी की थी। चोरी के बाद पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
बाइक चोरी के एंगल की भी जांच
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि जिस बाइक चोरी को लेकर विवाद हुआ, वह कहां से और कैसे की गई थी।
Tags
jabalpur

