दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान नगर निगम कार्यालय में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती नियुक्ति पत्र लेकर निगम कमिश्नर के पास पहुंची। जांच में पता चला कि उक्त नियुक्ति पत्र पूरी तरह फर्जी है।
युवती ने पूछताछ में बताया कि उसे नौकरी दिलाने के नाम पर 20 हजार रुपए की ठगी की गई है। यह सुनते ही अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि जनसुनवाई में आई युवती के पास मौजूद नियुक्ति पत्र प्रथम दृष्टया ही संदिग्ध लग रहा था। जांच करने पर स्पष्ट हो गया कि यह पत्र नगर निगम द्वारा जारी नहीं किया गया है।
कमिश्नर ने युवती को समझाइश देते हुए संबंधित थाना में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही निगम अधिकारियों को भी युवती के साथ पुलिस स्टेशन भेजा गया, ताकि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई हो सके।
कमिश्नर ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की नौकरी या नियुक्ति के नाम पर पैसे देने से पहले संबंधित विभाग से जानकारी जरूर लें। ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।
Tags
jabalpur
