MP News: उज्जैन में बारातियों से भरी बस पलटी, 18 घायल; ओवरटेक के दौरान बिगड़ा संतुलन, सड़क निर्माण बना हादसे की वजह

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) उज्जैन। उज्जैन जिले के इंगोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरपुर गांव के पास शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इंदौर से खाचरोद जा रही बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में 18 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां इन दिनों सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान बस चालक ने ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बस पलट गई। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में बाराती सवार थे, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मौके पर पहुंचा प्रशासन, तुरंत राहत कार्य शुरू

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंगोरिया लाया गया। यहां CMHO, SDM, SDOP, BMO, तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। इंगोरिया थाना प्रभारी दीपेश व्यास भी अपनी टीम के साथ मौके पर तैनात रहे।

8 घायलों को उज्जैन रेफर, 2 की हालत गंभीर

चिकित्सकों ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर हालत को देखते हुए 8 घायलों को उज्जैन जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इनमें से 2 लोगों को सिर में गंभीर चोट (हेड इंजरी) आई है।

महिलाएं और बच्चे भी घायल

नायब तहसीलदार प्रियंका जैन के अनुसार, हादसे में 18 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 13 महिलाएं, 4 बच्चे और 1 पुरुष शामिल है। अन्य घायलों का इलाज खाचरौद के अस्पताल में जारी है।

स्थानीय लोगों ने दिखाई मानवता

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post