दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में बैंक के बाहर बुजुर्ग से ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आधारताल थाना क्षेत्र के सुहागी इलाके में दो युवकों ने 64 वर्षीय बुजुर्ग को मदद के बहाने झांसे में लेकर 98 हजार रुपए हड़प लिए। ठगों ने नोटों की गड्डी के ऊपर-नीचे असली नोट लगाकर बीच में कागज भर दिया और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात बैंक के CCTV में कैद हो गई है।
बैंक से पैसे निकालते ही बनाया निशाना
सुहागी निवासी गुरुदत्त केवट मंगलवार दोपहर बैंक से 98 हजार रुपए निकालने पहुंचे थे। पर्ची भरने में परेशानी होने पर उन्होंने पास खड़े एक युवक से मदद मांगी। पीली शर्ट पहने युवक ने फार्म भर दिया, जबकि उसका साथी भी आसपास मौजूद रहा।
पैसे मिलने के बाद दोनों युवक बुजुर्ग के साथ बैंक से बाहर आए और बातचीत में उलझाकर उन्हें गड्डी थमाते हुए कहा कि “दादा, जल्दी से थैले में रख लो।”
ऊपर-नीचे असली नोट, बीच में कागज
बुजुर्ग ठगों की चाल समझ नहीं पाए और गड्डी थैले में रखकर ऑटो से घर पहुंच गए। शाम करीब 5 बजे जब उन्होंने बेटे शिवा केवट को रुपए देने के लिए गड्डी खोली तो हैरान रह गए।
गड्डी में केवल ऊपर और नीचे के नोट असली थे, बाकी सभी कागज के टुकड़े निकले। कुल 98 हजार रुपए में से सिर्फ 1 हजार रुपए ही असली बचे थे।
थाने पहुंची शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित अपने बेटे के साथ तुरंत आधारताल थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बैंक पहुंचकर CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें बुजुर्ग के आसपास संदिग्ध युवक दिखाई दिए।
आधारताल थाना प्रभारी टीआई प्रवीण कुमरे के अनुसार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें रवाना कर दी गई हैं।
मानसिक कमजोरी का उठाया फायदा
पुलिस के मुताबिक पीड़ित बुजुर्ग मानसिक रूप से भी कमजोर हैं, जिसका फायदा उठाकर ठगों ने बड़ी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया।
Tags
jabalpur


