Jabalpur News: प्यार का झांसा देकर चार साल तक शोषण

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। एक युवक ने शादी का वादा कर चार साल तक युवती का शोषण किया और अब किसी दूसरी युवती से विवाह रचाने की तैयारी कर रहा था। ऐन वक्त पर पीड़िता को सच्चाई का पता चला, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। पाटन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

23 वर्षीय युवती करीब चार वर्ष पहले आरोपी आकाश गौड़ के संपर्क में आई थी। जान-पहचान बढ़ने के बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसी दौरान युवक ने प्यार का इजहार कर शादी का प्रस्ताव रखा। युवती उसकी बातों में आ गई और उस पर भरोसा करने लगी।

आरोप है कि आरोपी युवती के घर अकेली होने पर वहां पहुंचता और जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। विरोध करने पर वह जल्द शादी करने का झांसा देता रहा। इसी भरोसे में युवती चुप रही।

17 जनवरी को आरोपी ने फिर युवती से दुष्कर्म किया। जब युवती ने शादी को लेकर सवाल किया तो वह टालमटोल कर चला गया। इसके बाद उसने बातचीत कम कर दी और कुछ दिन बाद पूरी तरह संपर्क तोड़ लिया। इससे युवती को संदेह हुआ।

पूछताछ करने पर युवती को पता चला कि आरोपी की 11 मार्च को किसी दूसरी युवती से शादी तय हो चुकी है। यह जानकारी मिलते ही उसने अपने परिजनों को पूरी बात बताई और पाटन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शनिवार रात पुलिस ने आरोपी आकाश गौड़ के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post