दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में भाजपा विधायक संजय पाठक से जुड़े मामलों में गुरुवार को सुनवाई टल गई। अदालत ने अलग-अलग याचिकाओं पर अगली तारीख निर्धारित करते हुए सुनवाई आगे बढ़ा दी है।
जस्टिस से संपर्क करने के मामले में अब अगली सुनवाई 2 अप्रैल को होगी, जबकि गैंगस्टर अब्दुल रज्जाक की याचिका पर 1 अप्रैल को सुनवाई तय की गई है।
कटनी विधायक संजय पाठक द्वारा जस्टिस विशाल मिश्रा से संपर्क करने की कोशिश के मामले में यह सुनवाई चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा और जस्टिस विनय सराफ की डिवीजन बेंच में होनी थी, लेकिन गुरुवार को इसे स्थगित कर दिया गया।
दरअसल, 1 सितंबर 2025 को जस्टिस विशाल मिश्रा ने ओपन कोर्ट में यह जानकारी दी थी कि विधायक द्वारा उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया था। इसके बाद उन्होंने स्वयं इस मामले को अपनी बेंच से हटाने के निर्देश दे दिए थे।
इस प्रकरण में कार्रवाई न होने पर आशुतोष दीक्षित ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। 17 मार्च को हुई पिछली सुनवाई में याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता अरविंद श्रीवास्तव और पुनीत श्रोती ने पक्ष रखा था। वहीं गुरुवार को विधायक संजय पाठक की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल खरे ने याचिका पर आपत्तियां पेश कीं, जिसके चलते सुनवाई टाल दी गई।
वहीं दूसरी ओर, जबलपुर के कथित गैंगस्टर अब्दुल रज्जाक की याचिका पर जस्टिस विवेक अग्रवाल और जस्टिस रत्नेश चंद्र सिंह बिसेन की बेंच ने सुनवाई 1 अप्रैल तक स्थगित कर दी है।
रज्जाक ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि विधायक संजय पाठक के इशारे पर उसके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की गई। फिलहाल दोनों मामलों में संबंधित पक्षों के अधिवक्ता अदालत में पैरवी कर रहे हैं और अगली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Tags
jabalpur
