Jabalpur News: घरेलू विवाद में नाबालिग बेटे ने पिता को मारा चाकू, अस्पताल में मौत

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बरेला थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान 16 वर्षीय किशोर ने अपने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

थाना प्रभारी शुभम सिंह ठाकुर ने बताया कि देर रात विक्टोरिया अस्पताल में एक व्यक्ति की मौत की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। वहां मौजूद 40 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि मृतक की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद वह उसे पत्नी बनाकर अपने साथ रख रहा था। महिला के अनुसार बीती रात करीब 10 बजे उसका पति शराब के नशे में घरेलू बातों को लेकर उससे झगड़ा और गाली-गलौज कर रहा था। 

इसी दौरान मृतक की पहली पत्नी के 16 वर्षीय बेटे ने अपने पिता को गाली देने से मना किया। बताया गया कि इस बात पर नाराज होकर पिता ने किशोर को धक्का दे दिया। इससे गुस्साए किशोर ने घर में रखे चाकू से अपने पिता के सीने पर वार कर दिया। परिजन घायल को तत्काल विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। 

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर ग्रामीण उप पुलिस अधीक्षक आकांक्षा उपाध्याय और वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी नीता जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं 16 वर्षीय विधि विवादित बालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे अभिरक्षा में लिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post