Jabalpur News: तेज रफ्तार और लापरवाही ने ली 5 लोगों की जान

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। कहीं तेज रफ्तार कार ने राहगीरों को कुचल दिया, तो कहीं पिकअप और मार्शल वाहन की टक्कर जानलेवा साबित हुई। पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

तेज रफ्तार कार ने मचाया कहर, अखबार पढ़ रहे व्यक्ति की मौत

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ललित कॉलोनी में आज सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी। कार क्रमांक MP20CL0537, जो एस्प्रेसो मॉडल बताई जा रही है, को रोहित नाम का युवक चला रहा था।

बताया जा रहा है कि कार चालक ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, इसके बाद दो बच्चों को अपनी चपेट में लिया और फिर दुकान के बाहर बैठकर अखबार पढ़ रहे विकेश उरभा को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि विकेश उरभा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

मार्शल वाहन की टक्कर से एक की मौत, दो घायल

मझगवां थाना क्षेत्र के छनगवां तिराहा में रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में 39 वर्षीय विमल सेन की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

ग्राम छनगवां निवासी रविंद्र लोधी ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे उसे सूचना मिली कि विमल सेन का मार्शल वाहन से एक्सीडेंट हो गया है। मौके पर पहुंचने पर विमल सेन घायल अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें थीं और वह बेहोश था।

मौके पर क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल क्रमांक MP20NN4282 और कुछ दूरी पर खेत में खड़ी सफेद रंग की मार्शल क्रमांक MP20ZT4695 मिली। जानकारी में सामने आया कि लखन लोधी और रामवरण लोधी मोटरसाइकिल से खिरहनी जा रहे थे। रास्ते में विमल सेन को भी साथ बैठा लिया था। इसी दौरान छनगवां मोड़ के पास मार्शल वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

घायल लखन लोधी और रामवरण लोधी को पहले अस्पताल ले जाया गया, जबकि विमल सेन को मझगवां अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पेंटीनाका के पास सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत

केंट थाना क्षेत्र में पेंटीनाका के पास हुए सड़क हादसे में 67 वर्षीय राजकुमार करयार की मौत हो गई। राजकुमार करयार अनुराधा कॉलोनी धोबीघाट, गोराबाजार के निवासी थे।

जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 11:50 बजे सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद अज्ञात लोग उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे थे। बाद में उन्हें हैदराबाद के ओमेगा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात करीब 2 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

खड़े ट्रक में घुसी पिकअप, महिला और युवक की मौत

संजीवनीनगर थाना क्षेत्र की धनवंतरीनगर चौकी अंतर्गत अंधमूक बायपास पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। सब्जी मंडी जा रही एक लोडिंग पिकअप हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में महिला और युवक की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।

घुंसौर निवासी 24 वर्षीय चालक आकाश यादव ने पुलिस को बताया कि वह ग्राम घंसौर से सब्जी मंडी जबलपुर के लिए लोडिंग पिकअप क्रमांक MP20ZU4576 लेकर निकला था। उसके साथ पिकअप में छोटी बाई उर्फ गोमती कुशवाहा और संदीप कुशवाहा बैठे थे।

सुबह करीब 5:30 बजे अंधमूक बायपास के पास ब्रिज पार करने के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक क्रमांक MP15ZF5376 के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छोटी बाई उर्फ गोमती कुशवाहा और संदीप कुशवाहा पिकअप में फंस गए।

राहगीरों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चालक आकाश यादव भी घायल हुआ है।

लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे

जबलपुर में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन लोगों की जान जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post