दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मझौली थाना क्षेत्र के पड़ुआ गांव में होली के दिन हुई युवक की हत्या के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। हत्या के आरोपी की 20 वर्षीय बहन ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पुलिस अब पूरे मामले की लव एंगल समेत कई पहलुओं से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार 4 मार्च की दोपहर पड़ुआ गांव में मयंक सेन ने अज्जू ठाकुर पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है कि मयंक अपनी बहन को घूरने और छेड़खानी करने की बात से नाराज था। इसी विवाद के चलते उसने अज्जू ठाकुर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी और एहतियात के तौर पर पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी मयंक सेन को 5 मार्च को गिरफ्तार कर लिया था। इसी बीच 6 मार्च की शाम करीब 6 बजे उसकी बहन साक्षी सेन ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
संभावित लव एंगल की जांच
बहन की आत्महत्या के बाद पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि मृतक अज्जू ठाकुर और आरोपी की बहन के बीच किसी प्रकार का संबंध तो नहीं था या फिर आत्महत्या के पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस दोनों के कॉल डिटेल खंगाल रही है और परिजनों व आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि आत्महत्या की असली वजह सामने आ सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या और आत्महत्या की इन दोनों घटनाओं से गांव में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
Tags
jabalpur
