दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) उमरिया। उमरिया में शनिवार रात एक युवक ने ड्यूटी से लौट रहे कॉन्स्टेबल के साथ बीच सड़क मारपीट कर दी। घटना का 32 सेकंड का वीडियो रविवार को सामने आया है, जिसमें युवक पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारते और कॉलर पकड़ते हुए दिखाई दे रहा है। बाद में मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।
बेसहारा से मारपीट रोकने पर भड़का युवक
घटना रणविजय चौक की बताई जा रही है। विमल लाडिया नाम का युवक एक विक्षिप्त व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहा था। इसी दौरान ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे कॉन्स्टेबल मुकेश सिंह ने उसे रोकने की कोशिश की। इस बात पर युवक भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।
थप्पड़ और कॉलर पकड़ने की घटना CCTV में कैद
वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक पहले पुलिसकर्मी को थप्पड़ मारता है और उसकी कॉलर पकड़ लेता है। इसके जवाब में पुलिसकर्मी ने भी उसे दो थप्पड़ मारे। इसके बाद 3-4 लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे। युवक ने बीच-बचाव के दौरान एक और थप्पड़ पुलिसकर्मी को मारा, तब एक अन्य व्यक्ति ने युवक को चांटा मारकर अलग किया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एसडीओपी पीएल परस्ते ने बताया कि कॉन्स्टेबल मुकेश सिंह के साथ मारपीट की गई है। आरोपी युवक विमल लाडिया, निवासी उमरिया, पेशे से ड्राइवर है और न्यायालय में गाड़ियां चलाता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
madhya pradesh
