MP News: उज्जैन में युवक ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत; बैतूल से 350 KM स्कूटी चलाकर पहुंचा था, गर्लफ्रेंड से बात न होने से था परेशान

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) उज्जैन। शनिवार को एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड के जीजा के घर पहुंचकर खुद को गोली मार ली। सीने में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। मामला नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित बंगाली कॉलोनी का है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान निखिल आहके के रूप में हुई है, जो सारणी का निवासी था। निखिल का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती दो दिन पहले अपने जीजा के घर उज्जैन आई थी, लेकिन किसी कारणवश निखिल से बात नहीं कर रही थी।

इसी बात से परेशान होकर निखिल करीब 350 किलोमीटर दूर बैतूल से स्कूटी चलाकर उज्जैन पहुंचा। शनिवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच वह बंगाली कॉलोनी स्थित घर पहुंचा और युवती की बहन से बोला कि तुम्हारी बहन मुझसे बात नहीं कर रही है।

घर में घुसकर परिजनों को कमरे में किया बंद

घटना के समय घर में युवती के जीजा की पत्नी, उसकी साली और एक बच्चा मौजूद थे। निखिल घर में घुसा और महिला व बच्चे को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वह घर के अहाते में चला गया।

जाने को कहा तो खुद को मारी गोली

परिजनों के अनुसार, युवती ने अपनी बहन से निखिल को वापस जाने के लिए कहने को कहा। कुछ ही देर बाद निखिल कमरे में घुसा और अपने साथ लाई पिस्टल से खुद के सीने में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

हथियार की जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। हथियार जब्त कर लिया गया है। सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि निखिल के पास हथियार कहां से आया और उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया। पूरे मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post