Jabalpur News: लिफ्ट के बहाने विधवा का अपहरण, हॉकी से पीटकर किया गैंगरेप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विधवा महिला का लिफ्ट के बहाने अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। वारदात को महिला के ही पड़ोस में रहने वाले दो युवकों ने अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला मझौली थाना क्षेत्र का है।

घर छोड़ने का झांसा देकर सुनसान इलाके में ले गए

जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला भेड़ाघाट बायपास क्षेत्र से पैदल अपने घर जा रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले संजू और दीपक मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। परिचित होने के कारण महिला ने उन पर भरोसा कर लिया। आरोपियों ने उसे सुरक्षित घर छोड़ने का आश्वासन दिया और बाइक पर बैठा लिया।

लेकिन घर ले जाने के बजाय वे उसे धमकाते हुए मझौली क्षेत्र के नेगई गांव की ओर ले गए। रास्ते को लेकर महिला के विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर उसे चुप करा दिया।

हॉकी स्टिक से बेरहमी से पीटा

नेगई गांव के एक सुनसान तालाब के पास पहुंचकर दोनों युवकों ने महिला के साथ जबरदस्ती शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने पास पड़ी हॉकी स्टिक से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

बारी-बारी से किया दुष्कर्म

मारपीट के बाद दोनों आरोपियों ने असहाय महिला के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पीड़िता मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन सुनसान स्थान होने के कारण कोई सहायता नहीं मिल सकी।

वारदात के बाद सड़क किनारे छोड़कर भागे

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला को मोटरसाइकिल से पाटन बायपास तक लाए और सड़क किनारे छोड़ दिया। जाते-जाते उन्होंने धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो जान से मार देंगे।

दहशत में आई महिला ने किसी तरह परिचितों से संपर्क किया और उनके साथ मझौली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार 

महिला की हालत गंभीर होने के कारण पुलिस ने उसे तत्काल शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई, जिसने संजू और दीपक को गिरफ्तार कर लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post