दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। क्राइम ब्रांच और थाना खितौला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक डीजल टैंकर से 20 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई है।
थाना प्रभारी रमन सिंह ने बताया कि क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहडोल की ओर से एक नीले रंग के पेट्रोल-डीजल टैंकर में अवैध गांजा लोड कर जबलपुर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत तत्काल कार्रवाई करते हुए पान उमरिया रोड स्थित बिजली ऑफिस के सामने नाकाबंदी कर दी।
कुछ समय बाद संदिग्ध टैंकर (क्रमांक MP 18 H 5408) वहां पहुंचा, जिसे रोककर तलाशी ली गई। टैंकर चालक ने अपना नाम देवराज यादव (39 वर्ष, निवासी रीवा) बताया, जबकि केबिन में बैठे दो अन्य व्यक्तियों ने अपने नाम महेंद्र कुमार पटेल (34 वर्ष, निवासी शहडोल) और बिनोद कुमार यादव (34 वर्ष, निवासी सतना) बताए।
टैंकर के केबिन में छिपाकर रखा था गांजा
तलाशी के दौरान महेंद्र पटेल के पास रखी बोरी में 13 पैकेट गांजा मिले, जबकि बिनोद यादव के बैग से 7 पैकेट बरामद किए गए। कुल मिलाकर 20 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही तस्करी में उपयोग किए जा रहे टैंकर को भी जब्त कर लिया गया है।
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गांजा कहां से लाया जा रहा था और इसे जबलपुर में किसे सप्लाई किया जाना था। इस पूरे नेटवर्क के पीछे जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
Tags
jabalpur
.jpeg)