Jabalpur News: घमापुर गोलीकांड में बाबू सिंधी के बाद निखिल कंजा भी गिरफ्तार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर के घमापुर थाना क्षेत्र में 29 मार्च की रात हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी बाबू सिंधी को नागपुर से गिरफ्तार करने के बाद अब दूसरे आरोपी निखिल कंजा को भी पुलिस ने दबोच लिया है।

जानकारी के अनुसार, 29 मार्च की रात चुंगी चौकी और कांचघर चौक के बीच यश थराट नामक युवक पर फायरिंग की गई थी। इस हमले में यश थराट घायल हो गया था, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि इस वारदात को बाबू सिंधी और निखिल कंजा ने अंजाम दिया था, जो कथित तौर पर छोटू चौबे गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। दोनों आरोपियों और घायल युवक के बीच करीब एक साल से पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसके चलते इस फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।

घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश तेज की गई। फरार चल रहे बाबू सिंधी को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार किया, जबकि निखिल कंजा को मुखबिर की सूचना पर मेडिकल अस्पताल से हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि वह भी घटना के दौरान घायल हो गया था और इलाज के लिए भर्ती था।

Post a Comment

Previous Post Next Post