दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां देह व्यापार के आरोपों से जुड़े प्रकरण में पीड़िता को लगातार धमकाए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अतुल चौरसिया की मां और उनके करीबी व्यक्ति द्वारा उस पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।
पीड़िता ने इस संबंध में ओमती थाने में FIR दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया है कि उसे बार-बार फोन कर केस वापस लेने के लिए धमकाया जा रहा है और अदालत में बयान बदलने का दबाव डाला जा रहा है।
पीड़िता ने बताया कि उसने 1 जून 2025 को गढ़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि अतुल चौरसिया और उसके सहयोगी शीतल दुबे उर्फ मथुरा ने उसे काम दिलाने के बहाने गढ़ा बाजार स्थित एक होटल में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया और बाद में जबरन देह व्यापार में धकेल दिया।
पीड़िता के अनुसार, नवंबर 2025 में आरोपी की मां केशर बाई ने उसे फोन कर मामले में समझौता करने के लिए कहा। जब उसने मना किया तो उसे धमकाया जाने लगा।
इसके बाद आरोपी के करीबी पप्पू यादव ने भी फोन कर FIR वापस न लेने पर हत्या की धमकी दी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 28 और 30 मार्च तथा 6 अप्रैल को जब वह न्यायालय में पेशी के लिए गई, तब भी उसे कोर्ट परिसर में रोककर डराने-धमकाने की कोशिश की गई।
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान पीड़िता ने अंततः ओमती थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।
पीड़िता ने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की मांग की है। उसने कहा कि उसे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
Tags
jabalpur
.jpeg)