Jabalpur News: ट्रेनों में जबरन वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, जबलपुर आरपीएफ ने तीन आरोपियों को दबोचा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
ट्रेनों में यात्रियों से जबरन वसूली करने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा हुआ है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से यात्रियों को परेशान कर रहे थे।

शिकायत के बाद हरकत में आई आरपीएफ

मामला गाड़ी संख्या 22909 वलसाड–पुरी एक्सप्रेस से जुड़ा है। यात्रियों ने शिकायत की थी कि जनरल कोच में कुछ लोग जबरन पैसे मांगकर हंगामा कर रहे हैं और बदसलूकी कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब के निर्देशन में टीम सक्रिय हुई और स्टेशन व आउटर क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की गई।

घेराबंदी कर तीनों आरोपी पकड़े गए


जांच के दौरान आरपीएफ टीम को देखते ही तीन संदिग्ध भागने लगे, जिन्हें पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे ट्रेनों में यात्रियों से जबरन पैसे वसूलते थे और लंबे समय से इस गतिविधि में शामिल थे।

गैंग की सरगना समेत तीन गिरफ्तार

पकड़े गए आरोपियों में बेलमकोंडा दिनेश उर्फ बी. नीलीमा (43) निवासी गुंटूर, आंध्रप्रदेश शामिल है, जो जबलपुर के घमापुर क्षेत्र में रह रही थी। इसके अलावा काली किन्नर (42) और बबली (52) को भी गिरफ्तार किया गया है, जो इटारसी क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं। तीनों ने पूछताछ में अपने गुरु का नाम रेशमा खान बताया है।

इन क्षेत्रों में सक्रिय था गिरोह


प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर और इटारसी के बीच चलने वाली ट्रेनों में सक्रिय था। कार्रवाई के बाद कुछ समय के लिए गायब हो जाता था और फिर दोबारा सक्रिय हो जाता था, जिससे यात्रियों में भय का माहौल बन गया था।

आरपीएफ ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही उनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post